झारखंड पुलिस आर्चरी टीम के लिए 13 सितंबर को ट्रायल, क्षेत्रीय प्रतियोगिता में नहीं खेल सके खिलाड़ियों को भी मौका

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड पुलिस की पुरुष और महिला आर्चरी टीम के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 15वीं अखिल भारतीय पुलिस आर्चरी चैंपियनशिप 2026-27 की मेजबानी झारखंड पुलिस करेगी। प्रस्तावित चैंपियनशिप 22 से 26 अक्टूबर तक रांची में आयोजित होगी। इसके लिए खिलाड़ियों के चयन को लेकर 13 सितंबर 2026 को ट्रायल-सह-चयन शिविर आयोजित किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार ट्रायल-सह-चयन शिविर झारखंड सशस्त्र पुलिस-10, होटवार, रांची में आयोजित किया जाएगा। क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 के जरिए चयनित आर्चरी खिलाड़ियों को इस ट्रायल में शामिल होने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही ऐसे वरीय आर्चरी खिलाड़ियों को भी अवसर दिया गया है, जो किसी कारण से अपनी क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सके थे।

कई पुलिस इकाइयों के खिलाड़ियों को भी मौका

पुलिस मुख्यालय के आदेश के मुताबिक CID, जे.जे., रेल, विशेष शाखा, संचार एवं तकनीकी सेवाएं और ACB में अब तक क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 आयोजित नहीं हो सकी है। ऐसे में इन इकाइयों के नियंत्रण पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे आर्चरी में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को ट्रायल-सह-चयन शिविर में भेजना सुनिश्चित करें। इस व्यवस्था से उन खिलाड़ियों को भी टीम में चयन का अवसर मिल सकेगा, जो अपनी इकाई की क्षेत्रीय प्रतियोगिता में भाग नहीं ले पाए हैं।

प्रदर्शन के आधार पर होगा खिलाड़ियों का चयन

ट्रायल को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने की जिम्मेदारी झारखंड सशस्त्र पुलिस-10 के समादेष्टा को नोडल पदाधिकारी के रूप में दी गई है। प्रशिक्षकों के सहयोग से ट्रायल आयोजित कराया जाएगा। खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन और अखिल भारतीय पुलिस खेलकूद नियंत्रण बोर्ड के निर्धारित नियमों के आधार पर किया जाएगा।

चयनित खिलाड़ियों के लिए अभ्यास शिविर

ट्रायल के बाद चयनित खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को झारखंड सशस्त्र पुलिस-10 में आयोजित अभ्यास शिविर में रखा जाएगा। वहीं, चयन में जगह नहीं बनाने वाले खिलाड़ियों को उनके पैतृक जिला, वाहिनी या संबंधित इकाई में वापस भेजने की व्यवस्था की जाएगी। पुलिस मुख्यालय ने चयनित खिलाड़ियों की सूची और निर्धारित प्रपत्र में उनकी पूरी जानकारी 15 सितंबर 2026 तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

यह भी पढ़ें : रांची रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी में लावारिस मिला नवजात, RPF ने अस्पताल पहुंचाया

अक्टूबर में रांची में होगी अखिल भारतीय चैंपियनशिप

झारखंड पुलिस पहली बार नहीं, बल्कि राज्य में आयोजित होने वाली 15वीं अखिल भारतीय पुलिस आर्चरी चैंपियनशिप की मेजबानी की तैयारियों में जुटी है। अक्टूबर में होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए मजबूत टीम तैयार करने के उद्देश्य से चयन प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जा रहा है। 13 सितंबर के ट्रायल के बाद चयनित खिलाड़ी अभ्यास शिविर में तैयारी करेंगे और फिर अक्टूबर में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की पुलिस आर्चरी प्रतियोगिता में झारखंड पुलिस का प्रतिनिधित्व करेंगे।

संबंधित खबरें