मानसून की दस्तक: झारखंड में अगले चार दिनों तक गरज-चमक, तेज हवा और बारिश के आसार

Rupa Kumari | June 6, 2026

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल पहुंचने के बाद अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मानसून गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत तक पहुंच सकता है। इसका असर अब झारखंड के मौसम में भी दिखाई देने लगा है।

आज कई जिलों में गरजेंगे बादल

मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के कई जिलों में गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि सभी क्षेत्रों में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन मौसम में बदलाव और तापमान में गिरावट महसूस की जा सकती है। विशेषज्ञों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

7 जून को भी बने रहेंगे बारिश के आसार

7 जून को झारखंड के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। बादलों की आवाजाही के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 8 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। वहीं उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ इन इलाकों में वर्षा की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

9 जून को वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी

9 जून को राज्य के दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों में कुछ जगहों पर वज्रपात की आशंका जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 10 जून से झारखंड के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश की शुरुआत हो सकती है। यदि मौसमीय परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो बारिश का दायरा और बढ़ सकता है। इससे किसानों को भी राहत मिलेगी, जो खरीफ फसलों की तैयारी में जुटे हैं।

यह भी पढ़ें: तिलैया डैम में डूबने से बिहार के इंजीनियर की मौत, दोस्तों के साथ घूमने आए थे कोडरमा

पाकुड़ में सबसे अधिक बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 80 मिमी वर्षा पाकुड़ जिले में रिकॉर्ड की गई, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी मौसम सुहावना बना रहा और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

Share this news

संबंधित खबरें