Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत पीपला मोड़ के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक थार गाड़ी और मालवाहक ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, मालवाहक ऑटो मिठाई लेकर मिहिजाम की ओर जा रहा था, जबकि थार वाहन जामताड़ा की तरफ से आ रहा था। इसी दौरान पीपला मोड़ के पास दोनों वाहनों में सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान ऑटो चालक चांद पहाड़िया (पारसी गांव, बिंदापाथर थाना क्षेत्र) और ऑटो मालिक के पुत्र नितेश कुमार (कृष्ण नगर, मिहिजाम थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा में नाबालिग चोर गिरफ्तार, 8 चोरी के मोबाइल बरामद, पुलिस गिरोह की तलाश में जुटी
गंभीर रूप से घायल दोनों को धनबाद रेफर
हादसे के बाद दोनों घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को धनबाद रेफर कर दिया।
मदद के बजाय वीडियो बनाती रही भीड़
घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने मानवता को शर्मसार कर देने वाला व्यवहार किया। घायल सड़क पर तड़पते रहे, लेकिन मौजूद लोग उन्हें अस्पताल पहुंचाने के बजाय मोबाइल फोन से वीडियो और फोटो बनाने में व्यस्त रहे। कुछ लोग घटनास्थल के अलग-अलग एंगल से वीडियो बनाते नजर आए, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, थार चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
सड़क सुरक्षा और संवेदनहीनता पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर सड़क दुर्घटनाओं के दौरान लोगों की संवेदनहीनता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसों के समय मदद करने के बजाय वीडियो बनाना एक चिंताजनक प्रवृत्ति बनती जा रही है, जिस पर रोक लगनी चाहिए।
Reporter | Samachar Post