रांची में ट्रैफिक व्यवस्था होगी और स्मार्ट, प्रमुख चौक-चौराहों पर बनेंगे 10 नए स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट

Rupa Kumari | June 5, 2026

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। शहर के प्रमुखचौक-चौराहों पर 10 नए स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट बनाए जाएंगे। इस योजना का उद्देश्य यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाना और ट्रैफिक कर्मियों को बेहतर कार्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

ट्रैफिक सुधार पर प्रशासन का फोकस

रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन ने बताया कि राजधानी को जाममुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अवैध पार्किंग और अनधिकृत बस स्टैंडों पर कार्रवाई की जा रही है, वहीं लोगों को भी ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की, ताकि शहर में जाम की समस्या को कम किया जा सके।

इन स्थानों पर बनेंगे स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट

पुलिस प्रशासन ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई महत्वपूर्ण चौक-चौराहों का चयन किया है। प्रस्तावित स्थानों में शामिल हैं। फिरायालाल चौक, हिनू चौक, एजी मोड़, न्यू मार्केट चौक, चांदनी चौक, नेवरी गोल चक्कर, बिरसा चौक, शालीमार बाजार, शहिद मैदान, कटहल मोड़ और नामकुम में दुर्गा सोरेन चौक शामिल है। स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट बनने के बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को धूप, बारिश और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी। अब उन्हें ड्यूटी के दौरान स्थानीय दुकानों या अस्थायी व्यवस्था पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें: 4 दिन से लापता हैं 12 वर्षीय जुड़वां भाई, परिवार बेहाल, पुलिस जांच में जुटी

नियम उल्लंघन पर रहेगी नजर

प्रत्येक स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती की जाएगी। पुलिसकर्मी सुबह से शाम तक यातायात संचालन पर नजर रखेंगे। इससे बिना हेलमेट वाहन चलाना, ओवरलोडिंग, गलत दिशा में ड्राइविंग और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह पहल राजधानी में स्मार्ट और सुरक्षित यातायात व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Share this news

संबंधित खबरें