गढ़वा में पुलिस की बड़ी सफलता, 5 घंटे के भीतर अपहृत पाइप फिटर को सुरक्षित बरामद; दो आरोपी गिरफ्तार

Rupa Kumari | June 4, 2026

Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : जिले की गढ़वा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण के एक गंभीर मामले का महज 5 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मझिआंव क्षेत्र से अगवा किए गए एलएंडटी कंपनी के पाइप फिटर मुरारी तिवारी (32) को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है, जबकि अन्य फरार अपराधियों की तलाश जारी है। घटना बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार, मुरारी तिवारी सगमा के पास सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के आसपास काम कर रहे थे। इसी दौरान सफेद बोलेरो में सवार छह अपराधियों ने उन्हें हथियार के बल पर अगवा कर लिया और अज्ञात स्थान पर ले गए।

7.5 लाख की मांगी गई फिरौती

अपहरण के बाद अपराधियों ने पीड़ित के परिजनों से 7.5 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। दबाव बनाने के लिए आरोपियों ने आनन-फानन में 30 हजार रुपये ऑनलाइन भी ट्रांसफर करवा लिए। घटना की सूचना मिलते ही गढ़वा पुलिस अधीक्षक ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रैकिंग शुरू की। टीम ने मझिआंव थाना क्षेत्र के चंदना गांव में छापेमारी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुलासा, दबाव बढ़ते ही छोड़ा अपहृत

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आईं, जिसमें 30 हजार रुपये ऑनलाइन वसूली की बात भी स्वीकार की गई। साथ ही अन्य साथियों के नाम भी उजागर हुए। पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण बाकी आरोपी अपहृत मुरारी तिवारी को छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बरामद कर परिजनों के हवाले कर दिया।

यह भी पढ़ें: तमाड़ में डालसा का जागरूकता अभियान, अनाथ बच्चों की सहायता और नशामुक्त समाज पर दिया गया जोर

मामला दर्ज, जांच जारी

इस मामले में धुरकी थाना में केस दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरी कार्रवाई तेज़ी और समन्वय के कारण सफल रही और 5 घंटे के भीतर ही मामला सुलझा लिया गया।

Share this news

संबंधित खबरें