खान सर कोचिंग विवाद में नया मोड़, वायरल वीडियो के बाद दो सहयोगी हिरासत में

Rupa Kumari | June 4, 2026

Samachar Post डेस्क, पटना: चर्चित खान सर कोचिंग सेंटर विवाद में एक नया मोड़ सामने आया है। मामले से जुड़ा एक नया वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने खान सर के दो सहयोगियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। इसके साथ ही 2 मई को हुई कथित हमले और फायरिंग की घटना की जांच और तेज कर दी गई है। मामले में पहले से आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी था। इसी बीच ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से जारी एक वीडियो ने जांच को नई दिशा दे दी है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की दोबारा जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

ज्ञान बिंदु कोचिंग ने लगाए गंभीर आरोप

ज्ञान बिंदु कोचिंग टीम के सदस्य आदर्श ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि 2 मई की रात हुए विवाद के दौरान फायरिंग खान सर के गार्ड की ओर से की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी घटना पूर्व नियोजित थी और इसे साजिश के तहत अंजाम दिया गया। आदर्श ने यह भी कहा कि वायरल वीडियो में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। ऐसे में उनकी गिरफ्तारी को लेकर भी सवाल उठाए जाने चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और सभी पक्षों की भूमिका की जांच की मांग की।

2 मई की घटना के बाद बढ़ा था विवाद

गौरतलब है कि 2 मई की रात पटना स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर में हंगामे की घटना सामने आई थी। आरोप था कि कुछ लोगों ने परिसर में घुसकर गार्ड के साथ मारपीट की, पत्थरबाजी की और पोस्टर-बैनर फाड़ दिए। घटना के बाद खान सर की ओर से फायरिंग होने का दावा भी किया गया था। हालांकि बाद में इस दावे और घटनाक्रम को लेकर कई सवाल उठे, जिसके बाद मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस मामले में पुलिस पहले ही ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। दूसरी ओर रोशन आनंद ने खुद को निर्दोष बताते हुए आरोप लगाया था कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड में 4 की मौत, स्वास्थ्य मंत्री बोले- दोषियों पर होगी कार्रवाई

सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस

नए वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस अब घटना से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और तथ्यों के आधार पर ही निष्कर्ष निकाला जाएगा। फिलहाल इस हाई-प्रोफाइल विवाद में सामने आए नए वीडियो ने मामले को और अधिक पेचीदा बना दिया है, जबकि सभी पक्ष अपने-अपने दावों पर कायम हैं।

Share this news

संबंधित खबरें