Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला-खरसावां: राजनगर प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में बेहतर सड़क संपर्क की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। छोटा कांकी से सारंगछिड़ा होते हुए राधानगर तक बनने वाली करीब छह किलोमीटर लंबी सड़क का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक चंपाई सोरेन ने किया। सड़क निर्माण की शुरुआत से क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है।
मुख्यमंत्री कार्यकाल में मिली थी मंजूरी
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए चंपाई सोरेन ने कहा कि इस सड़क परियोजना को उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान स्वीकृति मिली थी। अब निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है, जिससे क्षेत्र के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हमेशा उनकी प्राथमिकता रही है।
आवागमन होगा आसान
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क बनने के बाद आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। वर्तमान में खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नई सड़क बनने से छात्रों, किसानों, मजदूरों और व्यापारियों की आवाजाही आसान होगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक पहुंच भी बेहतर बनेगी। चंपाई सोरेन ने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनका लक्ष्य रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क और पुल जैसी आधारभूत सुविधाएं किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की नींव होती हैं। इसी सोच के साथ ग्रामीण इलाकों में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं।
अस्पताल शुरू नहीं होने पर जताई चिंता
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जिले में बने बड़े अस्पताल का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से सरायकेला में एक आधुनिक अस्पताल का निर्माण पूरा हो चुका है और वह करीब डेढ़ वर्ष से तैयार खड़ा है, लेकिन अब तक उसका संचालन शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल शुरू होने से जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकती थीं।
यह भी पढ़ें: धनबाद के सोनारडीह में फिर भू-धंसान, पांचवीं घटना से सहमे ग्रामीण; दर्जनों घरों पर मंडराया खतरा
ग्रामीणों में खुशी का माहौल
सड़क निर्माण की घोषणा और शिलान्यास के बाद स्थानीय ग्रामीणों में खुशी देखी गई। लोगों का कहना है कि सड़क बनने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और विकास की रफ्तार तेज होगी। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने की भी मांग की। शिलान्यास कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने सड़क निर्माण कार्य को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।