Samachar Post रिपोर्टर, मेदिनीनगर : झारखंड में पुलिसिंग व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। इसी कड़ी में पलामू पुलिस को नई पेट्रोलिंग बाइकें मिली हैं। गुरुवार को पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पलामू रेंज के DIG और पुलिस अधीक्षक (SP) ने संयुक्त रूप से इन बाइकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नई बाइकें पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी। बाइक पेट्रोलिंग के जरिए शहर और ग्रामीण इलाकों में पुलिस की पहुंच तेज होगी तथा अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।
गश्त होगी तेज, अपराध पर लगेगी लगाम
नई पेट्रोलिंग बाइकें विभिन्न थाना क्षेत्रों में नियमित गश्त करेंगी। इससे चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस कम समय में घटनास्थल तक पहुंच सकेगी, जिससे आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ेगा। पुलिस विभाग ने जरूरत के अनुसार विभिन्न थानों और चौकियों में बाइकों का आवंटन किया है। शहर थाना को सर्वाधिक 18 बाइकें दी गई हैं। वहीं सदर थाना और चैनपुर थाना को 6-6 बाइकें आवंटित की गई हैं। अधिकारियों का मानना है कि इससे गश्ती व्यवस्था अधिक सुदृढ़ और प्रभावी होगी।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में शर्मनाक वारदात: उद्घाटन के 24 घंटे के भीतर नगर भवन की 15 सोलर लाइटें तोड़ी गईं
ट्रैफिक पुलिस को भी मिली सुविधा
यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को दो विशेष पेट्रोलिंग बाइकें उपलब्ध कराई गई हैं। इनका उपयोग जाम और अन्य यातायात संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान में किया जाएगा। शहर और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पांच प्रमुख चेक पोस्टों पर दो-दो पेट्रोलिंग बाइकें तैनात की गई हैं। इनके माध्यम से आने-जाने वाले वाहनों की जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
स्मार्ट पुलिसिंग की ओर कदम
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नई पेट्रोलिंग बाइकें आधुनिक और स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगी। इससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ लोगों की शिकायतों और आपात स्थितियों पर भी तेजी से कार्रवाई संभव हो सकेगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि बढ़ी हुई पुलिस गश्त से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।