Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: शहर के दुलाडीह स्थित नगर भवन परिसर में विकास कार्यों को असामाजिक तत्वों ने बड़ा झटका दिया है। सौंदर्यीकरण परियोजना के तहत लगाई गई 15 सोलर स्ट्रीट लाइटों को उद्घाटन के महज 24 घंटे के भीतर ही क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस घटना से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
एक रात ही रोशन रहा नगर भवन परिसर
जानकारी के अनुसार, नगर भवन परिसर में सौंदर्यीकरण कार्य के तहत 2 जून को 15 आधुनिक सोलर स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई थीं। 3 जून की रात पहली बार ये लाइटें जलीं, जिससे पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा। लेकिन अगले ही दिन सुबह लोगों ने देखा कि सभी लाइटें टूटी हुई पड़ी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्यों को नुकसान पहुंचाने की यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। नगर भवन को आकर्षक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से लगाई गई लाइटें एक रात भी नहीं टिक सकीं।
लाखों की सरकारी संपत्ति को नुकसान
एक साथ 15 सोलर लाइटों को तोड़े जाने से सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार नुकसान लाखों रुपये में हो सकता है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी घटना को अंजाम देने के दौरान किसी ने कुछ देखा या रोका क्यों नहीं, यह भी जांच का विषय है।
पुलिस जुटा रही जानकारी
फिलहाल इस मामले में जामताड़ा थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है। जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने कहा कि उन्हें अभी तक इस संबंध में आधिकारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। बावजूद इसके पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और तथ्य सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: चतरा में अवैध अफीम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, घर से 2.132 किलो अफीम बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
नगर भवन जैसे सार्वजनिक स्थल पर हुई इस तोड़फोड़ की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने की ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।