मेदिनीनगर में पुलिस व्यवस्था में बड़ा बदलाव: 3 टीओपी प्रभारी लाइन क्लोज, अब रोटेशन पर होगी तैनाती

Samachar Post रिपोर्टर, मेदिनीनगर : पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के टीओपी-01, टीओपी-02 और टीओपी-03 के प्रभारियों को लाइन क्लोज कर दिया गया है। साथ ही तीनों टीओपी में रोटेशन के आधार पर नई तैनाती की व्यवस्था लागू की गई है।

अब हर 15 दिन में बदले जाएंगे प्रभारी

नई व्यवस्था के तहत टाउन थाना प्रभारी प्रत्येक 15 दिनों के अंतराल पर टीओपी प्रभारियों की पोस्टिंग बदलेंगे। यानी कोई भी अधिकारी लंबे समय तक एक ही टीओपी में पदस्थापित नहीं रहेगा। पुलिस विभाग का मानना है कि रोटेशन पॉलिसी लागू होने से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी। एसपी के इस फैसले को मेदिनीनगर में पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि नियमित रोटेशन से क्षेत्रीय स्तर पर बेहतर निगरानी संभव होगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें: 15 जून तक पूरा करें मतदाता सूची मैपिंग का काम, कोई पात्र मतदाता न छूटे : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी

जनता की शिकायतों के त्वरित निपटारे की उम्मीद

नई व्यवस्था से टीओपी स्तर पर निगरानी बढ़ने के साथ-साथ आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान की भी उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य क्षेत्र में बेहतर पुलिस-जन संवाद स्थापित करना और अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाना है।

संबंधित खबरें