Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह: पचंबा थाना क्षेत्र के कल्याणडीह गांव में अवैध महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया। मंगलवार को गांव की दर्जनों महिलाएं एकजुट होकर पचंबा थाना पहुंचीं और प्रदर्शन करते हुए अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव में लंबे समय से खुलेआम महुआ शराब की बिक्री हो रही है। इसके कारण कई परिवार प्रभावित हुए हैं और नशाखोरी की वजह से आए दिन विवाद, मारपीट और अशांति की घटनाएं सामने आती रहती हैं। महिलाओं का कहना है कि इस स्थिति का सबसे अधिक असर परिवारों और युवाओं पर पड़ रहा है।
विरोध करने पर मिलती है धमकी
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अवैध शराब कारोबार को कुछ प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्त है। इसी वजह से शराब तस्कर बेखौफ होकर धंधा चला रहे हैं। उनका कहना है कि जब भी कोई व्यक्ति इसका विरोध करता है, उसे धमकियां दी जाती हैं और कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
लगातार हो रही है शराब की आपूर्ति
ग्रामीणों के अनुसार मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गडरमा से लेकर कल्याणडीह तक लगातार महुआ शराब की आपूर्ति की जा रही है। स्थानीय युवकों ने कई बार शराब की खेप पकड़ने की कोशिश की, लेकिन तस्कर हर बार बच निकलने में सफल रहे। महिलाओं ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि अवैध शराब के कारोबार पर जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, शराब की बिक्री पूरी तरह बंद कराने और तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय समाजसेवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी महिलाओं की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने की अपील की।
यह भी पढ़ें: RIMS में मीडिया की एंट्री पर नई पाबंदी, बिना अनुमति फोटो-वीडियो बनाने पर रोक
थाना प्रभारी ने दिया कार्रवाई का भरोसा
पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं से बातचीत की और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद महिलाएं शांतिपूर्वक वापस लौट गईं। हालांकि ग्रामीणों ने साफ कहा है कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।