Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। राज्य के कुछ हिस्सों में जहां तेज बारिश और ओलावृष्टि से लोगों को राहत मिल रही है, वहीं कई जिलों में गर्मी और उमस ने परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक सप्ताह तक इसी तरह का अस्थिर मौसम बने रहने की संभावना है।
साइक्लोनिक सिस्टम से बदल रहा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन तथा छत्तीसगढ़ के पास सक्रिय दूसरे सिस्टम के कारण राज्य में मौसम तेजी से बदल रहा है। इसी वजह से कहीं तेज धूप तो कहीं बादल, बारिश और आंधी जैसी स्थिति देखने को मिल रही है।
दक्षिणी और मध्य जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट
2 जून को राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में कई स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
3 जून को भी मौसम रहेगा सक्रिय
3 जून को भी दक्षिणी और मध्य झारखंड में आंधी-बारिश और वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने सतर्क रहने की अपील की है। 4 और 5 जून को आंशिक बादल छाए रहने के साथ उत्तर-पूर्वी और मध्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे तापमान में मामूली गिरावट आने और गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: सीएम हेमंत सोरेन से मिलीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राज्य के विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा
किसानों और आम लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने किसानों से मौसम के अपडेट पर नजर रखने और आम लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। आंधी, बारिश और बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।