Samachar Post रिपोर्टर, पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी और राजद नेता रोहिणी आचार्य का सोमवार को जन्मदिन है। इस मौके पर उन्होंने अपने पिता और परिवार के साथ सिंगापुर में जन्मदिन मनाया, जिसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। वहीं पटना स्थित राजद कार्यालय के बाहर भी रोहिणी आचार्य के जन्मदिन को लेकर पोस्टर लगाए गए हैं, जो लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। राजद कार्यालय के बाहर लगाए गए पोस्टर में रोहिणी आचार्य अपने पिता लालू प्रसाद यादव के साथ नजर आ रही हैं। पोस्टर पर लिखा गया है। न हौसला टूटा है, न हिम्मत हारी है। मैं लड़ना जानती हूं, अकेले गद्दारों पर भारी हूं। मैं लालू जी की बेटी हूं, मेरा लहू बिहारी और रग-रग में खुद्दारी है।” यह पोस्टर राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
सिंगापुर में परिवार संग मनाया जन्मदिन
रोहिणी आचार्य इन दिनों अपने पिता लालू प्रसाद यादव के साथ सिंगापुर में हैं। रविवार रात 12 बजे उन्होंने परिवार के साथ जन्मदिन सेलिब्रेट किया। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में रोहिणी अपने पति और बच्चों के साथ केक काटती नजर आ रही हैं। एक अन्य वीडियो में वह अपने हाथों से लालू प्रसाद यादव को मिठाई खिलाती दिखाई दे रही हैं। पिता-पुत्री के इस भावुक पल को सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।
पोस्ट में लिखी भावुक बात
जन्मदिन के मौके पर रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश भी साझा किया। उन्होंने लिखा, अपने जन्मदिन के इस विशेष दिन को अपने परिवार और अपने आराध्य पापा के साथ मनाकर मैं स्वयं को बेहद सौभाग्यशाली महसूस कर रही हूं। जिनके होने से सुकून भरा और मुकम्मल जीवन लगता है, उनके साथ खुशियां साझा करने से घर सच में पूरा जहान लगता है। उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और समर्थक उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: राबड़ी आवास विवाद पर रोहिणी आचार्य का NDA पर हमला, बोलीं- दलित विरोधी मानसिकता से प्रेरित है सरकार
मेडिकल चेकअप के लिए सिंगापुर में हैं लालू यादव
बता दें कि लालू प्रसाद यादव इन दिनों नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए सिंगापुर गए हुए हैं। हाल ही में उनके सिंगापुर पहुंचने पर रोहिणी आचार्य ने एयरपोर्ट का एक वीडियो भी साझा किया था, जिसमें वह अपने पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेती नजर आई थीं। उस वीडियो के साथ उन्होंने लिखा था कि “आज हमारे घर हमारे भगवान आए हैं… हमारी छोटी सी दुनिया में हमारे चारों धाम आए हैं…”। यह पोस्ट भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो
रोहिणी आचार्य के जन्मदिन समारोह से जुड़े वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से शेयर किए जा रहे हैं। समर्थक इसे पिता-पुत्री के स्नेह और पारिवारिक जुड़ाव की मिसाल बताते हुए शुभकामनाएं दे रहे हैं। राजनीतिक गतिविधियों के बीच यह पारिवारिक पल बिहार की राजनीति और सोशल मीडिया दोनों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।