Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। राजधानी रांची समेत कई इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हुए, जिससे बिजली आपूर्ति और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें :रांची में आज तीन घंटे बिजली कटौती: नामकुम, खेलगांव और रिम्स रोड इलाके प्रभावित
डोरंडा बाजार में गिरा विशाल पेड़, बिजली आपूर्ति बाधित
रांची के डोरंडा बाजार क्षेत्र में तेज आंधी के दौरान एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे इलाके में कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही और यातायात प्रभावित हुआ। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ हटाने का काम किया गया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी। मौसम की खराब परिस्थितियों का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला। रांची आने वाली चार उड़ानों को खराब मौसम के कारण कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा, जबकि एक उड़ान रद्द कर दी गई। इससे यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा।
कई जिलों में हुई अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। खूंटी में 19 मिमी, रांची में 8 मिमी और सिमडेगा में 37 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक वर्षा धनबाद जिले के तोपचांची में 77.2 मिमी दर्ज की गई। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, हालांकि कुछ इलाकों में जलजमाव की समस्या भी सामने आई।
इन जिलों के लिए जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, धनबाद, कोडरमा और गिरिडीह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश की भी संभावना है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जून को राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका बनी रहेगी।
2 और 3 जून को दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों में विशेष सतर्कता
2 और 3 जून को राज्य के दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों में मौसम का प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है। रांची, लोहरदगा, गुमला और लातेहार जिले के कई हिस्सों में तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा गया है। फिलहाल अगले दो दिनों तक झारखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने के आसार हैं।
Reporter | Samachar Post