Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में कार्यरत कर्मचारियों का वेतन संकट गहराता जा रहा है। पिछले लगभग तीन महीनों से वेतन नहीं मिलने से नाराज डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों और अन्य कर्मचारियों ने शनिवार को वित्त निदेशक (फाइनेंस डायरेक्टर) कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार वेतन भुगतान में हो रही देरी के कारण उनके सामने गंभीर आर्थिक समस्याएं खड़ी हो गई हैं। घर-परिवार का खर्च चलाने, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
1500 कर्मचारियों को नहीं मिला वेतन
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों के अनुसार, रिम्स में कार्यरत करीब 1500 कर्मचारियों को पिछले तीन महीनों से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। कर्मचारियों ने प्रबंधन से लंबित वेतन का जल्द भुगतान करने और समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि वे अस्पताल में अपनी जिम्मेदारियों का लगातार निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन समय पर वेतन नहीं मिलने से उनका मनोबल प्रभावित हो रहा है।
यह भी पढ़ें: रिम्स के पीजी छात्र डॉ. सानु सनल बरवार की संदिग्ध मौत, कटहल मोड़ स्थित मकान से मिला शव
एक सप्ताह में समाधान नहीं तो हड़ताल
वेतन भुगतान को लेकर कर्मचारियों ने प्रबंधन को चेतावनी भी दी है। उनका कहना है कि यदि एक सप्ताह के भीतर बकाया वेतन जारी नहीं किया गया, तो वे आंदोलन तेज करते हुए हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगे। कर्मचारियों का मानना है कि यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो इसका असर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ सकता है।
प्रबंधन से जल्द निर्णय की मांग
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने रिम्स प्रशासन से वित्तीय समस्याओं का तत्काल समाधान निकालने और सभी लंबित वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। फिलहाल कर्मचारियों की ओर से प्रबंधन के जवाब का इंतजार किया जा रहा है, जबकि वेतन संकट को लेकर अस्पताल परिसर में असंतोष का माहौल बना हुआ है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।