Samachar Post रिपोर्टर,गुमला :जिले के सदर थाना क्षेत्र के सतपारा घटा गांव में शनिवार को एक 16 वर्षीय किशोरी का शव आम के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान वार्ड पार्षद विजयपाल भगत की पुत्री सुशांति कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा में बेखौफ बदमाशों का तांडव, पिस्तौल की नोक पर ज्वेलर्स कारोबारी से लूट
शौच जाने की बात कहकर घर से निकली थी किशोरी
परिजनों के अनुसार, सुशांति कुमारी आठवीं कक्षा की छात्रा थी। वह अपनी मां सुहानी भगत के साथ डूमरडीह जिलिंगा जतरा गई थी और शुक्रवार रात घर लौटी थी। घर लौटने के बाद वह घर के पास ही सो गई थी। शनिवार तड़के करीब पांच बजे उसने शौच जाने की बात कहकर घर से बाहर जाने की जानकारी दी। काफी समय तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई।
आम चुनने गए ग्रामीणों ने देखा शव
इसी बीच गांव के कुछ लोग बगीचे में आम चुनने पहुंचे। वहां उनकी नजर एक आम के पेड़ से लटके शव पर पड़ी। करीब जाकर देखने पर पता चला कि शव सुशांति कुमारी का है। घटना की सूचना तत्काल परिजनों और ग्रामीणों को दी गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। किशोरी की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई। सुशांति कुमारी की अचानक मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे सतपारा घटा गांव में शोक की लहर है। एक छात्रा की असामयिक मौत ने स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया है। ग्रामीण घटना की निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने आने की उम्मीद जता रहे हैं।
Reporter | Samachar Post