Samachar Post डेस्क, रांची :CBSE बोर्ड रिजल्ट जारी होने के बाद छात्रों के तनाव और सवालों को देखते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 24×7 पोस्ट रिजल्ट सपोर्ट सेवा शुरू की है। अब छात्र, अभिभावक और स्कूल रिजल्ट, मूल्यांकन और परीक्षा से जुड़े सवालों के लिए सीधे CBSE से संपर्क कर सकेंगे। बोर्ड ने छात्रों की सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-11-8004 जारी किया है। इसके अलावा आधिकारिक ईमेल आईडी resultcbse2026@cbseshiksha.in भी जारी की गई है, जहां छात्र अपनी समस्याएं और सवाल भेज सकते हैं। CBSE ने छात्रों को सावधान करते हुए कहा है कि वे किसी अनधिकृत ईमेल आईडी या फर्जी प्लेटफॉर्म पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें।
यह भी पढ़ें :बिहार के कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट, लोगों को गर्मी से मिलेगी राहत
रिजल्ट के बाद तनाव कम करने की कोशिश
CBSE का कहना है कि रिजल्ट जारी होने के बाद कई छात्र तनाव, भ्रम और चिंता का सामना करते हैं। ऐसे में यह सेवा छात्रों को मानसिक सहयोग देने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। हेल्पलाइन के जरिए छात्र री-इवैल्यूएशन, मार्क्स, उत्तर पुस्तिका और रिजल्ट प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे। CBSE ने कहा है कि इस सेवा का लाभ सिर्फ छात्रों को ही नहीं बल्कि अभिभावकों और स्कूलों को भी मिलेगा। छात्र और उनके माता-पिता आधिकारिक प्लेटफॉर्म के जरिए सही जानकारी और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे रिजल्ट को लेकर अधिक तनाव न लें और किसी भी परेशानी की स्थिति में बोर्ड की सहायता सेवाओं का उपयोग करें।
“परीक्षा अंतिम लक्ष्य नहीं”
CBSE ने कहा कि हर छात्र की क्षमता अलग होती है और परीक्षा जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं है। बोर्ड ने छात्रों को सकारात्मक सोच बनाए रखने और आगे की तैयारी पर ध्यान देने की सलाह दी है। हाल ही में पोस्ट रिजल्ट प्रक्रिया के दौरान कुछ तकनीकी समस्याएं सामने आई थीं। इसके बाद शिक्षा मंत्रालय ने IIT मद्रास और IIT कानपुर के विशेषज्ञों की मदद लेने का फैसला किया था, ताकि छात्रों को बेहतर और सुगम सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
Reporter | Samachar Post