Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: जामताड़ा महिला थाना से पूछताछ के लिए रखी गई एक महिला के शुक्रवार सुबह अचानक फरार हो जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस प्रशासन महिला की तलाश में जुट गया है। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर उसकी तस्वीर दिखाकर लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि महिला को आखिरी बार जामताड़ा रेलवे स्टेशन के आसपास देखा गया था।
रायगढ़ से शिकायत लेकर पहुंची थी महिला
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के रायगढ़ की रहने वाली एक महिला करीब दो दिन पहले अपनी किसी शिकायत को लेकर कर्माटांड़ थाना पहुंची थी। हालांकि भाषा संबंधी समस्या और अन्य कारणों से वह अपनी बात पुलिस के सामने स्पष्ट रूप से नहीं रख पा रही थी। महिला की स्थिति को देखते हुए कर्माटांड़ थाना पुलिस ने बेहतर काउंसलिंग और विस्तृत पूछताछ के लिए उसे जामताड़ा महिला थाना के सुपुर्द कर दिया था।
यह भी पढ़ें: गढ़वा में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
सुबह अचानक थाना परिसर से हुई लापता
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह महिला अचानक महिला थाना परिसर से गायब हो गई। महिला के लापता होने की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। सुबह करीब 9 बजे महिला थाना प्रभारी खुद जामताड़ा थाना पहुंचीं और शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कराई गई। पुलिस महिला की तलाश में लगातार छापेमारी और पूछताछ कर रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद महिला थाना की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक महिला थाना परिसर से ही फरार हुई है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि सुरक्षा घेरे के बीच से महिला कैसे निकल गई और उस समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी क्या कर रहे थे। हालांकि पुलिस की ओर से अब तक आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि महिला खुद भागी है या मामला कुछ और है।इस मामले पर जामताड़ा एसपी ने कहा कि उन्हें फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जानकारी नहीं मिली है और घटना की जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।