Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा: गढ़वा शहर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना शहर के अतिव्यस्त इलाके शिवाजी मैदान के पास स्थित रामा साहू विद्यालय मैदान की है। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है।
टंडवा मोहल्ला का रहने वाला था युवक
मृतक की पहचान शहर के टंडवा मोहल्ला निवासी दिव्यांशु गुप्ता उर्फ शुभम गुप्ता के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने सुबह मैदान में पेड़ से शव लटका देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। मृतक के भाई ने बताया कि बुधवार रात शुभम के एक दोस्त का फोन आया था। उसने बताया कि शुभम फांसी लगाने जैसी बातें कर रहा है। इसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश में शहर के कई इलाकों में खोजबीन करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सुबह जानकारी मिली कि रामा साहू उच्च विद्यालय के खेल मैदान में उसका शव फंदे से लटका हुआ है।
यह भी पढ़ें: पलामू में सहायक शिक्षक की निर्मम हत्या, शराब पार्टी के बहाने बुलाकर रेत दिया गला
लड़की को लेकर विवाद की बात आई सामने
परिजनों का कहना है कि तीन दिन पहले एक लड़की को लेकर शुभम और उसके कुछ दोस्तों के बीच विवाद हुआ था। परिवार का आरोप है कि शुभम ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ में जुटी हुई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।