Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :झारखंड के पलामू जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छतरपुर थाना क्षेत्र में एक सहायक शिक्षक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान चिल्हो खुर्द निवासी 45 वर्षीय उदय सिंह के रूप में हुई है। वह गांव के स्कूल में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। इसके साथ ही वह झोला छाप डॉक्टर के रूप में भी लोगों का इलाज करते थे।
यह भी पढ़ें :राज्यसभा चुनाव को लेकर आज होगी अहम बैठक, कांग्रेस प्रभारी करेंगे CM हेमंत सोरेन से मुलाकात
फोन आने के बाद घर से निकले थे शिक्षक
जानकारी के मुताबिक गुरुवार शाम उदय सिंह के मोबाइल पर किसी परिचित व्यक्ति का फोन आया था। फोन पर बातचीत के बाद वह घर से निकल गए, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
सड़क किनारे मिली बाइक, झाड़ियों में मिला शव
तलाश के दौरान नगदारा गांव के पास पाटन जाने वाली सड़क किनारे उनकी मोटरसाइकिल खड़ी मिली। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन शुरू की। कुछ दूरी पर झाड़ियों के बीच उदय सिंह का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। शव देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
शराब पार्टी के बहाने हत्या की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से शराब और बीयर की कई बोतलें बरामद हुई हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उदय सिंह को शराब पार्टी के बहाने बुलाया गया था। इसके बाद धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी गई।
करीबी व्यक्ति पर पुलिस को शक
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस हत्या में किसी करीबी या परिचित व्यक्ति की संलिप्तता हो सकती है। जिस व्यक्ति ने फोन कर उन्हें बुलाया था, उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है और आखिरी बार संपर्क में आए लोगों से पूछताछ की तैयारी कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की जांच में फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है। उदय सिंह की हत्या से परिवार और गांव के लोग सदमे में हैं। पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Reporter | Samachar Post