Samachar Post रिपोर्टर,खूंटी :गुरुवार की सुबह खूंटी शहर का माहौल कुछ अलग ही नजर आया। मस्जिदों से उठती तकबीर की आवाजें, नए कपड़ों में सजे बच्चे, हाथों में टोपी संभाले बुजुर्ग और नमाज के लिए बढ़ते कदम… हर तरफ बकरीद की रौनक दिखाई दे रही थी। लेकिन इस बार खूंटी की बकरीद सिर्फ एक धार्मिक पर्व तक सीमित नहीं रही। यह दिन प्रशासन, पुलिस और आम लोगों के बीच भरोसे, अपनापन और भाईचारे की एक नई मिसाल बन गया। सुबह से ही जिले की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। नमाज के दौरान मुल्क में अमन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: बेकाबू डंपर ने छीनी मां की आखिरी उम्मीद, महिला चौकीदार के इकलौते बेटे की मौत
बड़ी मस्जिद पहुंचे डीसी जावेद हुसैन
इस बार बकरीद की सबसे खास तस्वीर खूंटी की बड़ी मस्जिद से सामने आई। जिले के उपायुक्त जावेद हुसैन खुद मस्जिद पहुंचे और लोगों के साथ नमाज अदा की। नमाज के बाद उन्होंने लोगों से मुलाकात कर बकरीद की शुभकामनाएं दीं। डीसी की मौजूदगी ने लोगों के बीच सकारात्मक संदेश दिया। कई लोगों ने कहा कि प्रशासन का इस तरह आम जनता के बीच पहुंचना भरोसे को और मजबूत करता है। नमाज के बाद लोगों ने डीसी के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
सड़क पर उतरे एसपी ऋषभ गर्ग
बकरीद के दौरान जिले के एसपी ऋषभ गर्ग की सक्रियता भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। आमतौर पर बड़े अधिकारी कंट्रोल रूम से व्यवस्था की निगरानी करते हैं, लेकिन खूंटी में तस्वीर अलग थी। एसपी खुद सड़क पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए। वे पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ लगातार अलग-अलग इलाकों का दौरा करते रहे और हालात पर नजर बनाए रखी। मुख्य सड़कों, मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा लिया गया।
बच्चों को टॉफी बांटकर जीता दिल
खूंटी की बकरीद की एक और तस्वीर लोगों को काफी पसंद आई। नमाज के बाद एसपी ऋषभ गर्ग बच्चों के बीच पहुंचे और उन्हें चॉकलेट व टॉफियां बांटीं। बच्चे भी एसपी को अपने बीच देखकर काफी खुश नजर आए। स्थानीय लोगों ने कहा कि पुलिस का यह मानवीय चेहरा समाज में सकारात्मक माहौल बनाता है और जनता तथा पुलिस के बीच भरोसा मजबूत करता है।
जिले की 25 मस्जिदों और ईदगाहों में हुई नमाज
जानकारी के अनुसार खूंटी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की करीब 25 मस्जिदों और ईदगाहों में बकरीद की नमाज अदा की गई। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा था ताकि किसी भी तरह की अफवाह या अप्रिय घटना को रोका जा सके। ट्रैफिक व्यवस्था को भी दुरुस्त रखा गया ताकि लोगों को आवाजाही में परेशानी न हो। एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, त्याग और भाईचारे का पर्व है। उन्होंने कहा कि जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क था। उन्होंने खूंटी के लोगों की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाया गया, वह पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।
खूंटी ने दिया सकारात्मक संदेश
इस बार खूंटी की बकरीद प्रशासन और जनता के बीच मजबूत रिश्ते की मिसाल बन गई। मस्जिद में नमाज पढ़ते डीसी और सड़क पर सुरक्षा संभालते एसपी की तस्वीरों ने लोगों के बीच सकारात्मक संदेश छोड़ा। पूरे दिन जिले में अमन, भाईचारे और खुशियों का माहौल बना रहा। खूंटी की यह तस्वीर बताती है कि जब प्रशासन और जनता साथ खड़े हों, तो हर त्योहार समाज को जोड़ने का जरिया बन जाता है।
Reporter | Samachar Post