Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : गढ़वा जिले के चिनियां थाना क्षेत्र स्थित लामी घुटरा जंगल से गुरुवार सुबह एक नरकंकाल मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जंगल में केंदु पत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों ने क्षत-विक्षत अवस्था में कंकाल देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल के पास कपड़े, बेल्ट और टूटे मोबाइल के टुकड़े भी बरामद हुए हैं। इन्हीं सामानों के आधार पर मृतक की पहचान मसरा गांव निवासी जय मंगल सिंह के रूप में की गई है।
बारात में विवाद के बाद हुआ था लापता
परिजनों के मुताबिक, 13 मई को गांव में आई एक बारात के दौरान जय मंगल सिंह का गांव के ही सुदामा सिंह के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद से वह लापता था। मृतक के पिता सुकन सिंह ने बताया कि उन्हें लगा था कि उनका बेटा किसी काम से बाहर गया होगा, इसलिए उन्होंने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में हाईवे पर पलटी तेज रफ्तार कार, एयरबैग खुलने से बचीं 7 जानें
पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही चिनियां थाना प्रभारी बीकू कुमार रजक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने जंगल से नरकंकाल के अवशेष, कपड़े, बेल्ट और क्षतिग्रस्त मोबाइल बरामद कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। पूछताछ के लिए पुलिस ने सुदामा सिंह को हिरासत में लिया है। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
हत्या और अपहरण के एंगल से जांच
पुलिस का कहना है कि मामले में हत्या और अपहरण दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल है। ग्रामीणों की भारी भीड़ जंगल के पास जुटी रही। पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने और दोषियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।