Samachar Post रिपोर्टर, रांची : ऑनलाइन गेमिंग की बढ़ती लत एक बार फिर चिंता का कारण बनी है। रांची में ऑनलाइन गेम में पैसा हारने के बाद तनाव में आए 15 वर्षीय किशोर ने घर छोड़ दिया। हालांकि रांची पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच की मदद से किशोर को दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया गया। जानकारी के अनुसार रांची निवासी आशविन आनंद 24 मई को अचानक घर से लापता हो गया था। परिवार ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। बेटे के अचानक गायब होने से परिवार काफी परेशान था।
ऑनलाइन गेमिंग का था आदी
पुलिस जांच में पता चला कि किशोर ऑनलाइन गेम “STAKE” खेलने का आदी हो गया था। गेम में वह काफी पैसे हार चुका था, जिसके कारण मानसिक तनाव में था। इसी तनाव में उसने बिना किसी को बताए घर छोड़ दिया और दिल्ली पहुंच गया। परिजनों को बाद में जानकारी मिली कि वह लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग में काफी समय बिता रहा था। परिवार को अंदाजा नहीं था कि यह लत इतनी गंभीर स्थिति पैदा कर देगी।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में गैस की किल्लत और KYC के नाम पर वसूली का आरोप, सड़क जाम कर प्रदर्शन
तकनीकी जांच से मिला सुराग
मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस की तकनीकी टीम ने मोबाइल लोकेशन और अन्य डिजिटल इनपुट के आधार पर किशोर की तलाश शुरू की। लगातार ट्रैकिंग के बाद पुलिस को उसके दिल्ली में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए किशोर को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने उसे सुरक्षित परिवार के हवाले कर दिया है।
पुलिस ने अभिभावकों को किया सतर्क
घटना के बाद पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई बच्चे ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग ऐप्स की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं, जिससे मानसिक तनाव और आर्थिक नुकसान जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। पुलिस ने कहा कि यदि बच्चों के व्यवहार में बदलाव दिखे तो अभिभावकों को उनसे खुलकर बातचीत करनी चाहिए और मोबाइल तथा इंटरनेट के उपयोग पर संतुलित निगरानी रखनी चाहिए।
ऑनलाइन गेमिंग की बढ़ती लत बनी चिंता
विशेषज्ञों का मानना है कि ऑनलाइन गेमिंग अब केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रह गई है। कई बच्चे और युवा इसमें पैसा लगाकर आर्थिक और मानसिक समस्याओं का सामना कर रहे हैं। तनाव, अवसाद और परिवार से दूरी जैसी घटनाएं लगातार सामने आने से अभिभावकों और समाज की चिंता बढ़ती जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।