Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची में अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रांची पुलिस ने पिछले दो दिनों में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कार्रवाई करते हुए 30 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही 135 से ज्यादा लंबित वारंटों का निष्पादन भी किया गया। इस अभियान के बाद अपराधियों और फरार आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।
देर रात तक चली पुलिस की छापेमारी
एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने देर रात तक कई इलाकों में दबिश दी। इस दौरान लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों, वारंटियों और संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें: बढ़ती गर्मी को लेकर PM मोदी की अपील, लोगों से पानी पीने और सतर्क रहने को कहा
अपराध नियंत्रण के लिए विशेष रणनीति
पुलिस के अनुसार “ऑपरेशन प्रहार” केवल सामान्य अभियान नहीं, बल्कि अपराध नियंत्रण और संगठित अपराध पर शिकंजा कसने की विशेष रणनीति का हिस्सा है। एसएसपी ने कहा कि इस तरह के अभियान समय-समय पर चलाए जाते रहेंगे, ताकि अपराधियों में पुलिस का डर बना रहे और कानून व्यवस्था मजबूत हो सके। अभियान में शहर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों की पुलिस टीमों को लगाया गया था। सिटी एसपी, रूरल एसपी, डीएसपी, थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। कई थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी होने से अपराधियों को संभलने का मौका नहीं मिला।
अपराधियों को दी गई सख्त चेतावनी
एसएसपी राकेश रंजन ने साफ कहा कि अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। लगातार चल रहे इस अभियान से आम लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है, जबकि अपराधियों में डर का माहौल बना हुआ है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।