बढ़ती गर्मी को लेकर PM मोदी की अपील, लोगों से पानी पीने और सतर्क रहने को कहा

Rupa Kumari | May 27, 2026 | 01:53 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची: देशभर में बढ़ती गर्मी और हीटवेव की स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से सतर्क रहने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि लगातार बढ़ते तापमान के बीच सभी लोगों को खुद को हाइड्रेटेड रखना चाहिए और घर से बाहर निकलते समय पानी साथ जरूर रखना चाहिए।

जरूरतमंदों को पानी पिलाने की अपील

प्रधानमंत्री ने लोगों से जरूरतमंदों की मदद करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि अगर संभव हो तो किसी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी जरूर दें। साथ ही उन्होंने उन लोगों की सराहना की जो अपने घरों और दुकानों के बाहर राहगीरों के लिए मटके में पानी रखते हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान चक्कर आना, कमजोरी, मतली या अत्यधिक थकान जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यदि किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ती है तो उसे तुरंत छायादार और ठंडी जगह पर ले जाकर पानी, ORS या अन्य तरल पदार्थ देना चाहिए।

यह भी पढ़ें: सरायकेला में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो लोगों की मौत, चार घायल

बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान

प्रधानमंत्री ने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और धूप में काम करने वाले लोग गर्मी से सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। समय पर सावधानी नहीं बरतने पर हीटस्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने लोगों से अपने माता-पिता, दादा-दादी और अन्य परिजनों का हालचाल लेने तथा उन्हें पर्याप्त पानी पीने और दोपहर की तेज धूप से बचने की सलाह देने की अपील की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंसानों के साथ पशु-पक्षियों का भी ध्यान रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा छोटा बर्तन रखना किसी प्यासे पक्षी के लिए जीवनदान साबित हो सकता है।

Share this news

संबंधित खबरें