Samachar Post रिपोर्टर,पश्चिमी सिंहभूम : सोनुआ पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र में नाबालिग प्रेमी युगल की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। दोनों के क्षत-विक्षत शव रविवार देर रात सोनुआ स्टेशन के आउटर सिग्नल स्थित पड़सा पुलिया के पास रेलवे ट्रैक पर मिले। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का माना जा रहा है। मृतकों की पहचान भालुरुंगी गांव निवासी 15 वर्षीय अर्जुन महतो और 17 वर्षीय खुशबू महतो के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों 21 मई से घर से लापता थे। जांच में सामने आया है कि दोनों ट्रेन से राउरकेला होते हुए ओडिशा के पुरी गए थे और रविवार को वापस लौटे थे।
पुरी से लौटने के बाद उठाया आत्मघाती कदम
रेलवे टिकट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि दोनों पहले सोनुआ से राउरकेला पहुंचे और वहां से पुरी गए थे। रविवार को लौटने के बाद देर रात सोनुआ स्टेशन के पास डाउन लाइन पर चक्रधरपुर की ओर जा रही ट्रेन के सामने कूद गए। घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। समलेश्वरी एक्सप्रेस के लोको पायलट ने रात करीब 1 बजे सोनुआ स्टेशन को ट्रैक पर हादसे की सूचना दी। इसके बाद आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।
यह भी पढ़ें: सरायकेला में सड़क किनारे तड़पते व्यक्ति की मौत, समय पर मदद नहीं मिलने पर उठे सवाल
टूटे मोबाइल के सिम कार्ड से हुई पहचान
शवों की हालत इतनी खराब थी कि शुरुआत में पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा था। घटनास्थल से पुलिस को एक बैग, कुछ कपड़े, तीन रेल टिकट और एक क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर दूसरे फोन में लगाया, जिसके बाद युवक के परिजनों का कॉल आया। इसी आधार पर पहले अर्जुन और फिर खुशबू की पहचान हो सकी।
गांव में शोक और कई सवाल
घटना के बाद भालुरुंगी गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों शांत स्वभाव के थे और किसी को उनके रिश्ते की जानकारी नहीं थी। बताया जा रहा है कि खुशबू ने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा प्रथम श्रेणी से पास की थी। स्कूल शिक्षकों ने उसे मेधावी और अनुशासित छात्रा बताया। अब दो परिवारों के साथ पूरा गांव इस सवाल से जूझ रहा है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थिति थी, जिसने दो नाबालिग जिंदगियों को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।