Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक अज्ञात व्यक्ति लंबे समय तक सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़ा तड़पता रहा, लेकिन समय पर मदद नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी और आक्रोश देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार गम्हरिया स्थित आरएसबी कंपनी के बाहर एक व्यक्ति गंभीर हालत में पड़ा हुआ था। इसकी सूचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गम्हरिया को दी गई। सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने एंबुलेंस भेजकर उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचते-पहुंचते बिगड़ चुकी थी हालत
डॉक्टरों के मुताबिक जब तक व्यक्ति को अस्पताल लाया गया, तब तक उसकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी। जांच में पता चला कि वह तेज बुखार से पीड़ित था और लंबे समय तक बिना इलाज के पड़े रहने के कारण उसकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई। चिकित्सकों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़ें: कुख्यात गैंगस्टर विकास तिवारी को झारखंड हाई कोर्ट से जमानत, CID केस में मिली राहत
लोगों ने उठाए सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं कि यदि समय रहते किसी ने मानवता के आधार पर उसे अस्पताल पहुंचा दिया होता, तो शायद उसकी जान बच सकती थी। लोगों का कहना है कि जिस कंपनी परिसर के बाहर यह घटना हुई, वहां सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा के नाम पर समय-समय पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, लेकिन एक जरूरतमंद व्यक्ति को तत्काल मदद नहीं मिल सकी। इस घटना ने एक बार फिर समाज में संवेदनशीलता और समय पर मदद की आवश्यकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।