Samachar Post रिपोर्टर,पाकुड़ :पाकुड़ जिले में गोविंदपुर-साहेबगंज सड़क चौड़ीकरण परियोजना से प्रभावित परिवारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री के आप्त सचिव कपिल कुमार ने इस मामले में पाकुड़ उपायुक्त को पत्र भेजकर प्रभावित परिवार को समुचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। मंत्री कार्यालय की ओर से जारी पत्र में जिला प्रशासन से नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
यह भी पढ़ें :रांची में पुलिस टीम से बदसलूकी, वर्दी उतरवाने की धमकी देने वाले दो युवक गिरफ्तार
गणेश मंडल ने की थी मुआवजे की मांग
जानकारी के अनुसार, अमड़ापाड़ा अंचल के छोटापहाड़पुर गांव निवासी गणेश मंडल ने मंत्री को आवेदन देकर अपने मकान के बदले उचित मुआवजा देने की मांग की थी। आवेदन में कहा गया कि गोविंदपुर-साहेबगंज पथ चौड़ीकरण परियोजना के कारण उनका घर और संपत्ति प्रभावित हो रही है, जिससे परिवार के सामने गंभीर परेशानी की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
पत्र में जांच और कार्रवाई का आग्रह
मंत्री कार्यालय से जारी पत्र में बताया गया है कि गणेश मंडल का मकान मौजा छोटापहाड़पुर संख्या-13, जमाबंदी संख्या-13 और दाग संख्या-372 में स्थित है। कपिल कुमार ने पाकुड़ उपायुक्त को लिखे पत्र में आवेदन में दिए गए तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है, ताकि प्रभावित परिवार को राहत मिल सके।
प्रभावित परिवारों में बढ़ी उम्मीद
मंत्री कार्यालय की पहल के बाद अब जिला प्रशासन द्वारा जांच और मुआवजा प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण जैसी विकास परियोजनाओं में प्रभावित परिवारों को समय पर उचित मुआवजा और पुनर्वास मिलना बेहद जरूरी है। ग्रामीणों के अनुसार कई बार विकास कार्यों के कारण लोगों की जमीन और मकान प्रभावित हो जाते हैं, लेकिन मुआवजा प्रक्रिया में देरी से आर्थिक और सामाजिक परेशानियां बढ़ जाती हैं। ऐसे में मंत्री कार्यालय की इस पहल से प्रभावित परिवारों में उम्मीद जगी है।
Reporter | Samachar Post