Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची के पूर्वी थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बदसलूकी और धमकी देने का मामला सामने आया है। मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को कुछ युवकों ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि वर्दी उतरवाने और जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार घटना 23 मई की सुबह की है। टाइगर मोबाइल के जवान सुनील कुजूर और आरक्षी शिव प्रकाश नियमित गश्ती पर थे। इसी दौरान सुबह करीब 7:15 बजे प्रभाततारा मैदान के पास दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां तीन युवक एक लड़के को दौड़ा-दौड़ाकर पीट रहे थे।
पीड़ित को बचाने पहुंची पुलिस से भिड़े आरोपी
पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप करते हुए पीड़ित युवक को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। आरोप है कि इसी दौरान तीनों युवक पुलिस टीम से उलझ पड़े और सरकारी काम में बाधा डालते हुए अभद्र व्यवहार करने लगे। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को वर्दी उतरवाने और जान से मारने की धमकी भी दी। स्थिति बिगड़ती देख कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके बाद पीसीआर और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अतिरिक्त बल की मदद से पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया, जबकि एक युवक मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी से गढ़वा बेहाल, सड़कें सूनी; घड़ा, सत्तू और जूस की बढ़ी मांग
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार (18) और अभिषेक चौहान (20) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ मारपीट, धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।