भीषण गर्मी से गढ़वा बेहाल, सड़कें सूनी; घड़ा, सत्तू और जूस की बढ़ी मांग

Meenu | May 25, 2026 | 03:30 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :गढ़वा जिले में भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। सोमवार को जिले का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे लोग बेहाल नजर आए। उत्तर प्रदेश और झारखंड को जोड़ने वाली एनएच-39 और छत्तीसगढ़-झारखंड एनएच-343 पर दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा। गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी के चलते सुबह 11 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। हालात इतने खराब हैं कि घरों में लगे एसी भी लोगों को राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। गढ़वा और पलामू इन दिनों झारखंड के सबसे गर्म जिलों में शामिल हैं।

यह भी पढ़ें :धनबाद में गर्मी से राहत की पहल, ट्रैफिक सिग्नलों पर लगाए गए छायादार शेड

बाजारों में घड़ा, सत्तू और जूस की बढ़ी मांग

गर्मी बढ़ने के साथ बाजारों में मिट्टी के बर्तन और घड़ों की मांग तेजी से बढ़ गई है। वहीं इलेक्ट्रॉनिक दुकानों में एसी और कूलर की बिक्री में भी इजाफा देखा जा रहा है। शहर के रंका मोड़ इलाके में खीरा, तरबूज, दही, सत्तू और गन्ने के जूस की मांग अचानक बढ़ गई है। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए पारंपरिक पेय और ठंडी चीजों का सहारा ले रहे हैं। रमना प्रखंड की प्रमुख ने लोगों से अपील की है कि वे भीषण गर्मी में सावधानी बरतें और बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलें।

अल नीनो के असर से बढ़ी गर्मी

कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार अल नीनो का प्रभाव देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार करीब 100 वर्षों बाद इस तरह का असर देखने को मिला है, जिसके कारण तापमान लगातार ऊंचा बना हुआ है और बारिश की संभावना कम हो गई है। विशेषज्ञों ने लोगों को अधिक पानी पीने, धूप से बचने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।

Share this news

संबंधित खबरें