Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड में लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव की आशंका को देखते हुए रिम्स अलर्ट मोड में आ गया है। अस्पताल प्रशासन ने गर्मी और हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पहले से तैयारी शुरू कर दी है, ताकि अचानक मरीजों की संख्या बढ़ने पर किसी तरह की परेशानी न हो। रिम्स प्रशासन की ओर से गर्मी से प्रभावित मरीजों के लिए अलग व्यवस्था करने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही अस्पताल में जरूरी दवाइयों और मेडिकल संसाधनों का स्टॉक भी बढ़ाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें :लोहरदगा में खूनी वारदात: बेटे ने पिता और पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या की, 3 साल की बेटी गंभीर घायल
हीट स्ट्रोक मरीजों के लिए अलग बेड और वार्ड की तैयारी
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि फिलहाल हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या ज्यादा नहीं है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के साथ मामलों में इजाफा हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मरीजों के लिए अलग बेड और जरूरत पड़ने पर अलग वार्ड की व्यवस्था की जाएगी। अस्पताल में ORS, IV फ्लूइड और अन्य जरूरी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखा जा रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक लंबे समय तक शरीर में पानी की कमी रहने से किडनी समेत कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।
स्वास्थ्य विभाग और NHM ने जारी किए निर्देश
गर्मी की स्थिति को देखते हुए राज्य स्वास्थ्य विभाग और NHM ने सभी जिलों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों को हीट स्ट्रोक मरीजों के लिए विशेष बेड रखने, मेडिकल टीम को प्रशिक्षित करने और इलाज की व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया है। इसके अलावा अस्पतालों में साफ पेयजल, कूलिंग व्यवस्था, ORS और जरूरी दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
डॉक्टरों ने लोगों से दोपहर के समय बिना जरूरत धूप में बाहर नहीं निकलने की अपील की है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अगर किसी व्यक्ति को चक्कर आना, अत्यधिक पसीना आना, उल्टी, तेज बुखार, कमजोरी या बेहोशी जैसे लक्षण महसूस हों तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है। झारखंड के कई हिस्सों में लगातार तापमान बढ़ रहा है। ऐसे में रिम्स समेत राज्य के दूसरे सरकारी अस्पताल भी गर्मी से जुड़ी बीमारियों से निपटने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर रहे हैं।
Reporter | Samachar Post