कोडरमा घाटी के 9वें माइल पर भीषण सड़क हादसा, ब्रेक फेल ट्रक हाईवा से टकराया

Meenu | May 24, 2026 | 03:48 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा :कोडरमा घाटी स्थित 9वें माइल के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोलकाता से दाल लादकर बिहार के नवादा जा रहा एक ट्रक ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित होकर आगे चल रहे हाईवा से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में चालक और खलासी केबिन में बुरी तरह फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल चालक को बाद में रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया।

यह भी पढ़ें :हेमंत सोरेन के निर्देश का असर, साहिबगंज में सार्वजनिक जगहों पर लगे प्याऊ केंद्र

घाटी की ढलान पर बिगड़ा नियंत्रण

जानकारी के अनुसार ट्रक कोलकाता से दाल लेकर बिहार के नवादा जा रहा था। कोडरमा घाटी की खतरनाक ढलान पर अचानक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे हाईवा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक-खलासी मलबे में फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

क्रेन से काटकर निकाला गया चालक

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और रोड सेफ्टी टीम मौके पर पहुंची। केबिन पूरी तरह दब जाने के कारण चालक को बाहर निकालना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद पुलिस ने क्रेन मंगवाई और काफी मशक्कत के बाद केबिन का हिस्सा काटकर चालक और खलासी को बाहर निकाला।

चालक के दोनों पैर टूटे

हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक की पहचान बिहार के नवादा निवासी प्रदीप यादव के रूप में हुई है। उसे 108 एंबुलेंस की मदद से कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि हादसे में चालक के दोनों पैर टूट गए हैं। स्थिति गंभीर होने के कारण प्रदीप यादव को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया है। वहीं खलासी को मामूली चोटें आई हैं।

Share this news

संबंधित खबरें