Samachar Post रिपोर्टर,साहिबगंज :झारखंड में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव जैसी स्थिति के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। साहिबगंज जिले में पुलिस प्रशासन के सहयोग से विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां लोगों के लिए शुद्ध और ठंडे पेयजल की व्यवस्था की गई है। रविवार से कई इलाकों में इन केंद्रों ने काम करना शुरू कर दिया। यह पहल खास तौर पर राहगीरों, यात्रियों और ग्रामीण इलाकों से शहर आने वाले लोगों को गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
यह भी पढ़ें :‘हरे गमछे वालों’ बयान पर तेजस्वी यादव का पलटवार, बोले- मुझे उनकी सोच पर हंसी आती है
पुलिस प्रशासन ने संभाली जिम्मेदारी
अमित कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस प्रशासन पूरे अभियान की निगरानी कर रहा है। बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में इंस्पेक्टर संतोष कुमार राणा, बरहरवा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह, कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार, रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव और बरहेट थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराई। अधिकारियों ने बस स्टैंड, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर मटकों में ठंडा पानी और ग्लास की व्यवस्था करवाई है ताकि लोगों को आसानी से पीने का पानी मिल सके।
राहगीरों को मिल रही राहत
तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण सड़क पर निकलने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी पेयजल की होती है। ऐसे में यह व्यवस्था लोगों के लिए राहत लेकर आई है। विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों से बाजार या शहर आने वाले लोगों को अब रास्ते में शुद्ध और ठंडा पानी उपलब्ध हो रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की है।
नियमित सफाई और पानी भरने के निर्देश
नितिन खंडेलवाल ने बताया कि बरहरवा, कोटालपोखर, रांगा और बरहेट समेत कई इलाकों में प्याऊ केंद्र लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि मटकों की नियमित सफाई की जाए और समय-समय पर पानी भरने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को लगातार सुविधा मिलती रहे। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जरूरत पड़ने पर आने वाले दिनों में अन्य इलाकों में भी प्याऊ केंद्र लगाए जा सकते हैं।
Reporter | Samachar Post