Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :झारखंड के हजारीबाग जिले में चरही एनएच पर रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ओवरब्रिज के समीप प्रकाश होटल के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों से जा टकराया। हादसा इतना भयावह था कि ट्रेलर में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और बचाव अभियान चलाया।
यह भी पढ़ें :झारखंड में मौसम का डबल अटैक: कहीं लू का कहर, तो कहीं आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट
तेज रफ्तार ट्रेलर बना हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर संख्या BR 52 G 7513 बिहार शरीफ से ईंट लोड कर रांची की ओर जा रहा था। सुबह करीब छह बजे जब वाहन चरही एनएच स्थित ओवरब्रिज के पास पहुंचा, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रेलर सड़क किनारे खड़े वाहनों में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद कुछ देर तक एनएच पर यातायात भी प्रभावित रहा।
चाय पीने के दौरान हुआ हादसा
दुर्घटना की चपेट में आया ट्रक संख्या UP 83 BT 4773 पानीपत से प्लास्टिक दाना लेकर विशाखापत्तनम जा रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक प्रकाश होटल के पास चाय पीने के लिए वाहन खड़ा कर रुका हुआ था। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। इसके अलावा सड़क किनारे खड़े दो अन्य वाहन भी ट्रेलर की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें भारी नुकसान पहुंचा।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। राहत और बचाव कार्य में स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की मदद की। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद एनएच पर यातायात सामान्य कराया गया।
Reporter | Samachar Post