Samachar Post रिपोर्टर,गुमला :गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। लामदेन गांव में एक बेटे ने अपने ही पिता की लोहे के सब्बल से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार लामदेन गांव निवासी 50 वर्षीय लखन गोप के 25 वर्षीय बेटे मझा गोप की अब तक शादी नहीं हुई थी। बताया जा रहा है कि कई बार रिश्ते आए, लेकिन किसी न किसी कारण से बात नहीं बन सकी। मझा गोप को शक था कि उसके पिता की वजह से ही उसका रिश्ता तय नहीं हो पा रहा है। इसी बात को लेकर वह अक्सर पिता से नाराज रहता था।
यह भी पढ़ें :गिरिडीह सदर अस्पताल के बाथरूम में नाबालिग ने दिया बच्चे को जन्म, जांच में जुटी पुलिस
घर में विवाद के बाद किया हमला
बताया जा रहा है कि गुरुवार देर शाम पिता और पुत्र घर में मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में मझा गोप घर के अंदर से लोहे का सब्बल उठा लाया और पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में लखन गोप गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद परिजनों और मृतक के भाई मादन गोप की मदद से घायल लखन गोप को गुमला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पिता की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पालकोट पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और आरोपी मझा गोप को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Reporter | Samachar Post