Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :गिरिडीह जिले से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। सदर अस्पताल के बाथरूम में करीब 14 से 15 वर्ष की एक नाबालिग लड़की ने नवजात बच्चे को जन्म दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार बेंगाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली गर्भवती नाबालिग अपने परिजनों के साथ शुक्रवार शाम सदर अस्पताल पहुंची थी। इसी दौरान वह बाथरूम गई, जहां उसने बच्चे को जन्म दे दिया।
यह भी पढ़ें :पेट्रोल-डीजल फिर महंगे, 9 दिनों में तीसरी बार बढ़े ईंधन के दाम
अस्पताल कर्मियों ने संभाली स्थिति
घटना की जानकारी मिलते ही महिला स्वास्थ्यकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचीं और मां व नवजात को सुरक्षित बाहर निकाला। अस्पताल प्रबंधन को तत्काल सूचना दी गई, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारी भी सक्रिय हो गए। अस्पताल प्रशासन के निर्देश पर एम्बुलेंस की मदद से जच्चा और बच्चा दोनों को चैताडीह स्थित मातृत्व एवं शिशु इकाई भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक फिलहाल मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
परिजनों पर नवजात को छोड़ने की कोशिश का आरोप
सूत्रों के अनुसार बच्चे के जन्म के बाद परिजन नवजात को छोड़कर अस्पताल से निकलने की तैयारी में थे। हालांकि समय रहते नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन को भी तुरंत जानकारी दी गई।
नाबालिग के गर्भवती होने की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। महिला पुलिस पदाधिकारी द्वारा पीड़िता का बयान दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग गर्भवती कैसे हुई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। जीतवाहन उरांव ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और संबंधित थाना प्रभारी को गांव भेजा गया है। डॉ. प्रदीप बैठा ने बताया कि जैसे ही घटना की जानकारी मिली, अस्पताल कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मां और बच्चे को बेहतर इलाज के लिए मातृत्व एवं शिशु इकाई में भर्ती कराया। उन्होंने कहा कि दोनों की स्थिति फिलहाल सामान्य है।
Reporter | Samachar Post