Samachar Post डेस्क, रांची :देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। नई दरों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर महंगा होकर 99.51 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं डीजल की कीमत में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद इसकी कीमत 92.49 रुपये प्रति लीटर हो गई है। रांची में पेट्रोल की कीमत 102.60 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 97.66 रुपये प्रति लीटर दर्ज की गई है। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों और वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें :बढ़ती गर्मी पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सख्त, सभी जिलों के अफसरों को दिए खास निर्देश
CNG भी हुई महंगी
पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर में CNG की कीमतों में भी 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। नई दर लागू होने के बाद दिल्ली में CNG अब 81.09 रुपये प्रति किलो मिल रही है। पिछले 10 दिनों में CNG की कीमतों में यह तीसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 15 मई को 2 रुपये प्रति किलो और 18 मई को 1 रुपये प्रति किलो का इजाफा किया गया था।
9 दिनों में तीसरी बार बढ़े दाम
बीते 9 दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में यह तीसरी बढ़ोतरी मानी जा रही है। इससे पहले 19 मई को तेल कंपनियों ने औसतन 90 पैसे प्रति लीटर तक कीमतें बढ़ाई थीं। वहीं 15 मई को भी ईंधन के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा किया गया था। लगातार बढ़ती कीमतों का असर परिवहन, माल ढुलाई और रोजमर्रा के खर्चों पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
कच्चे तेल की महंगाई से बढ़ा दबाव
सरकार के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के कारण सरकारी तेल कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum और Hindustan Petroleum जैसी सरकारी तेल कंपनियों को ऊंची लागत का सामना करना पड़ रहा है। सुजाता शर्मा के मुताबिक पेट्रोल, डीजल और LPG की बिक्री पर तेल कंपनियों को हर महीने करीब 30 हजार करोड़ रुपये तक का नुकसान हो रहा है। इसी कारण कीमतों में संशोधन जरूरी हो गया था।
पहले एक्साइज ड्यूटी घटाकर दी गई थी राहत
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर स्पेशल एक्साइज ड्यूटी में कटौती कर जनता को राहत दी थी। पेट्रोल पर स्पेशल एक्साइज ड्यूटी 13 रुपये से घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 10 रुपये से घटाकर शून्य कर दी गई थी। इसके बाद पेट्रोल पर कुल केंद्रीय एक्साइज ड्यूटी 21.90 रुपये से घटकर 11.90 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 17.8 रुपये से घटकर 7.8 रुपये प्रति लीटर रह गई थी।
Reporter | Samachar Post