Samachar Post रिपोर्टर, रांची :SBI के करोड़ों ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम बाकी है, तो उसे आज ही पूरा कर लें। 23 मई से 28 मई 2026 के बीच देश के कई हिस्सों में SBI की शाखाएं लगातार 6 दिनों तक बंद रह सकती हैं। इस दौरान चौथा शनिवार, रविवार, कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल और बकरीद की छुट्टियों की वजह से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में कैश निकासी, चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट और शाखा से जुड़े अन्य जरूरी काम प्रभावित हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें :सिमडेगा में निजी स्कूलों की मनमानी पर DC सख्त, अतिरिक्त फीस लौटाने का आदेश
23 और 24 मई को वीकेंड की छुट्टी
बैंकिंग नियमों के मुताबिक हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक बंद रहते हैं। इसी कारण 23 मई को चौथा शनिवार होने की वजह से SBI शाखाएं बंद रहेंगी। इसके अगले दिन 24 मई को रविवार है। लगातार दो दिन बैंक बंद रहने से ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
25 और 26 मई को कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल
ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 25 और 26 मई को देशव्यापी दो दिवसीय हड़ताल का प्रस्ताव दिया है। यह हड़ताल मुख्य रूप से क्लर्क और अन्य स्टाफ कर्मचारियों की ओर से बुलाई गई है। हड़ताल की स्थिति में शाखाओं में दैनिक कामकाज, कैश काउंटर, चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट और ग्राहक सेवा प्रभावित हो सकती है। हालांकि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जैसे YONO, इंटरनेट बैंकिंग, UPI और ATM सेवाएं सामान्य रूप से काम करती रहेंगी। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी छुट्टियों के कैलेंडर के अनुसार देश के अलग-अलग राज्यों में बकरीद का अवकाश 27 और 28 मई को रहेगा। अधिकांश राज्यों में 27 मई को बैंक बंद रहेंगे, जबकि कुछ राज्यों में 28 मई को भी अवकाश रहेगा। खासतौर पर जम्मू-कश्मीर में दोनों दिन बैंकिंग सेवाएं बंद रहने की संभावना है।
कर्मचारियों की 16 मांगों को लेकर हड़ताल
AISBISF ने कर्मचारियों के अधिकार और बेहतर कार्य परिस्थितियों को लेकर 16 प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें शामिल हैं:
- चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की स्थायी भर्ती
- पर्याप्त आर्म्ड गार्ड्स की नियुक्ति
- NPS में पेंशन फंड मैनेजर चुनने की स्वतंत्रता
- ट्रांसफर नीति में बदलाव
- वेतन और प्रमोशन नीति में सुधार
- मेडिकल रिइम्बर्समेंट प्रक्रिया आसान करना
- HRMS तकनीकी समस्याओं का समाधान
क्रॉस-सेलिंग के दबाव का भी विरोध
फेडरेशन ने बैंक कर्मचारियों पर बीमा, म्यूचुअल फंड और अन्य वित्तीय उत्पाद बेचने के दबाव का भी विरोध किया है। कर्मचारियों का कहना है कि ‘क्रॉस-सेलिंग’ के कारण ग्राहकों को कई बार ऐसे प्रोडक्ट दिए जाते हैं, जिनकी उन्हें जरूरत नहीं होती।
Reporter | Samachar Post