Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: जमशेदपुर के बारीडीह इलाके में गुरुवार रात बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से चेन छीन ली। घटना उस समय हुई जब महिला अपनी बेटी को लेकर स्कूटी से घर लौट रही थी। बताया जा रहा है कि पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने विजया गार्डन जाने वाली सड़क पर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पीछा करने पर दी गोली मारने की धमकी
पीड़िता के अनुसार, बाइक सवार दोनों युवक उनकी स्कूटी के बराबर आकर चलने लगे। इसी दौरान पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीन ली और बाइक तेजी से आगे बढ़ा दी। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए स्कूटी से बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन तभी पीछे बैठे आरोपी ने पिस्तौल निकालकर उन्हें गोली मारने की धमकी दी। हथियार देखकर महिला डर गई और वहीं रुक गई, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: धनबाद में भू-धंसान से दहशत, कांटा पहाड़ी इलाके में जमीन फटी, घरों में आई दरारें
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पहले यह सड़क अपेक्षाकृत सुरक्षित मानी जाती थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों में इलाके में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इलाके में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि रात के समय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।