Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रिम्स में मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। अस्पताल की लिफ्टें बार-बार खराब हो रही हैं और अब इसकी वजह भी सामने आ गई है, जिसे जानकर हर कोई हैरान है। जानकारी के मुताबिक रिम्स की कई लिफ्टों के सेंसर गुटखा और पान मसाला थूकने की वजह से खराब हो रहे हैं। इससे लिफ्ट अचानक बंद पड़ जाती है या बीच रास्ते में अटक जाती है।
यह भी पढ़ें :रांची जेल कांड पर झारखंड हाईकोर्ट सख्त, डीजीपी से दो हफ्ते में मांगी रिपोर्ट
मरीजों को उठानी पड़ रही भारी परेशानी
रिम्स में हर दिन हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल की कई इमारतें बहुमंजिला हैं, ऐसे में मरीजों और परिजनों के लिए लिफ्ट सबसे जरूरी सुविधा बन जाती है। लेकिन लगातार लिफ्ट खराब होने से बुजुर्ग, गंभीर मरीजों और व्हीलचेयर पर आने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार मरीजों को सीढ़ियों के सहारे ऊपर ले जाना पड़ता है।
सेंसर पर थूकने से बिगड़ रहा सिस्टम
अस्पताल प्रशासन के अनुसार कई लोग लिफ्ट के अंदर ही गुटखा और पान मसाला थूक देते हैं। इससे लिफ्ट के सेंसर और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम पर सीधा असर पड़ता है। सेंसर खराब होने के कारण लिफ्ट कई बार फ्लोर पर सही तरीके से नहीं रुकती
अचानक बीच में बंद हो जाती है और तकनीकी खराबी की वजह से लंबे समय तक सेवा बाधित रहती है। रिम्स में लिफ्ट खराब होने का मामला नया नहीं है। इससे पहले भी अस्पताल की लिफ्ट व्यवस्था को लेकर कई बार सवाल उठ चुके हैं। कुछ समय पहले आई रिपोर्ट में बताया गया था कि अस्पताल की 36 में से 13 लिफ्ट खराब थीं और कई लिफ्टों के सेंसर काम नहीं कर रहे थे। लगातार तकनीकी खराबी के कारण मरीजों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
मरीजों और परिजनों में डर का माहौल
लगातार लिफ्ट खराब होने की घटनाओं से मरीजों और उनके परिजनों में डर का माहौल है। कई लोग लिफ्ट में फंसने के डर से सीढ़ियों का इस्तेमाल करने लगे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी कार्डियोलॉजी और मेडिसिन विभाग में आने वाले मरीजों को हो रही है, क्योंकि कई मरीजों को ज्यादा चलने-फिरने से मना किया जाता है।
प्रशासन ने लोगों से की अपील
रिम्स प्रशासन ने लोगों से अस्पताल परिसर को साफ रखने और लिफ्ट के अंदर गुटखा-पान मसाला नहीं थूकने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि लोगों की छोटी-सी लापरवाही बड़ी समस्या का कारण बन रही है। अगर अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और नियमों का पालन किया जाए, तो लिफ्ट व्यवस्था में काफी सुधार हो सकता है।
Reporter | Samachar Post