Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद के चर्चित करोड़ों रुपये की ठगी मामले में आरोपी संजय अग्रवाल को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश (चतुर्थ) प्रफुल्ल कुमार की अदालत ने संजय अग्रवाल को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। जानकारी के अनुसार संजय अग्रवाल को पहले बैंक मोड़ थाना क्षेत्र से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया था। बाद में गोबिंदपुर थाना क्षेत्र में दर्ज दूसरे मामले में उन्हें रिमांड पर लेकर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था।
यह भी पढ़ें :गिरिडीह के जंगल में संदिग्ध हालत में मिला हाथी का शव, जांच में जुटा वन विभाग
राखी अग्रवाल को पहले ही मिल चुकी है जमानत
इसी मामले में इससे पहले राखी अग्रवाल को अदालत से जमानत मिल चुकी थी। हालांकि संजय अग्रवाल और सचिन अग्रवाल अब तक न्यायिक हिरासत में जेल में बंद थे। अदालत के ताजा आदेश के बाद संजय अग्रवाल को राहत मिल गई है। वहीं अन्य सह-अभियुक्तों की जमानत याचिकाओं पर आने वाले दिनों में सुनवाई होने की संभावना जताई जा रही है।
करोड़ों की ठगी और गबन का है मामला
पुलिस के अनुसार मामला करोड़ों रुपये की ठगी और गबन से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि व्यापारिक साझेदारी के नाम पर कई लोगों से बड़ी रकम ली गई और बाद में कथित तौर पर धोखाधड़ी की गई। इस मामले में कई लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है और पुलिस लगातार जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहराई से पड़ताल की जा रही है। आने वाले दिनों में मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Reporter | Samachar Post