Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह :गिरिडीह जिले के सरिया रेंज इलाके में एक हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हाथी का शव धोबारी जंगल में मिलने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया। जिस स्थान पर शव मिला है, वह हजारीबाग पूर्वी वन क्षेत्र के अंतर्गत आता है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय वनकर्मी मौके पर पहुंचे। इसके बाद हजारीबाग पूर्वी वन प्रक्षेत्र के डीएफओ विकास उज्ज्वल भी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। मामले की जांच के लिए पशु चिकित्सकों की टीम को भी बुलाया गया है।
यह भी पढ़ें :जमशेदपुर में महिला से पर्स छीनकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश, CCTV जांच में जुटी पुलिस
इलाके में घूम रहा था हाथियों का झुंड
जानकारी के अनुसार जंगल क्षेत्र में हाथियों का एक झुंड विचरण कर रहा था। इसी झुंड के एक सब एडल्ट हाथी की मौत हुई है, जिसकी उम्र करीब 10 से 12 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि हाथी झाड़ियों में फंस गया था, जिसकी वजह से उसकी मौत हो सकती है। हालांकि वन विभाग ने अभी किसी निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह
वन विभाग ने हाथी के शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हाथी झाड़ियों में कैसे फंसा और घटना के समय झुंड में कितने हाथी मौजूद थे। हाथी की मौत की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग भी बड़ी संख्या में जंगल क्षेत्र में पहुंचने लगे।
जांच जारी, रिपोर्ट के बाद होगी पुष्टि- डीएफओ
डीएफओ विकास उज्जवल ने कहा कि हाथी की मौत की सूचना मिलने के बाद मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शुरुआती तौर पर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि हाथी झाड़ियों में फंस गया था, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
Reporter | Samachar Post