Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :जामताड़ा प्रखंड के नवाडीह गांव में जनगणना 2026 के तहत चल रहे मैपिंग कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। कथित गड़बड़ी और गांव के बड़े हिस्से को दूसरे पंचायत क्षेत्र में जोड़ने के विरोध में सैकड़ों ग्रामीण प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि जामताड़ा प्रखंड अंतर्गत आने वाले नवाडीह गांव की मैपिंग संख्या 0009 को बदलकर 0226 कर दिया गया है। लोगों का कहना है कि यह संख्या करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र से जुड़ी हुई है।
यह भी पढ़ें :गुमला में अधूरी सड़क से ग्रामीण परेशान, स्कूली बच्चों और मरीजों को हो रही दिक्कत
70 प्रतिशत लोगों की मैपिंग दूसरे पंचायत में होने का आरोप
ग्रामीणों के मुताबिक इस बदलाव की वजह से गांव के करीब 70 प्रतिशत से अधिक लोगों की मैपिंग मोहनपुर पंचायत में दर्ज हो गई है। लोगों का कहना है कि इससे भविष्य में सरकारी योजनाओं, प्रमाण पत्रों और अन्य प्रशासनिक कार्यों में गंभीर दिक्कतें आ सकती हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि यह केवल तकनीकी त्रुटि नहीं बल्कि बड़ी लापरवाही का मामला है।
“तकनीकी गलती नहीं, बड़ी चूक हुई है”
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मैपिंग कार्य में लगे कर्मियों और बीएलओ स्तर पर गंभीर चूक हुई है, जिसकी वजह से पूरे गांव का रिकॉर्ड प्रभावित हो गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और सही तरीके से दोबारा मैपिंग कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो।
नई टीम से दोबारा मैपिंग कराने की मांग
ग्रामीणों ने वर्तमान टीम को हटाकर दूसरी टीम से नवाडीह गांव की दोबारा मैपिंग कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वास्तविक स्थिति के आधार पर ही रिकॉर्ड तैयार किया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान मनोज मंडल, बापी दास, एजाज खान, समीम खान, मोबीन खान, संजय दास, मनोज दास और शमशेर खान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रशासन ने जांच और सुधार का दिया आश्वासन
मामले पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सुजीत कुमार ने कहा कि जनगणना मैपिंग का कार्य प्रशिक्षित तकनीकी कर्मियों के माध्यम से कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यदि किसी स्तर पर गलती हुई है तो उसमें सुधार संभव है। इससे पहले भी गैप और ओवरलैपिंग जैसी तकनीकी समस्याएं सामने आई थीं, जिन्हें ठीक कर लिया गया था। अधिकारी के मुताबिक नवाडीह का मामला अलग प्रकृति का है और इसकी जांच कर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post