Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : गुमला जिले के सिसई प्रखंड स्थित हेसागुटु कल्हुटोली गांव में अधूरी सड़क निर्माण कार्य ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। हेसागुटु से कल्हुटोली तक बन रही सड़क पर पत्थर डालने के बाद काम रोक दिया गया है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों तथा मरीजों को झेलनी पड़ रही है।
बच्चों और मरीजों की बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों के मुताबिक गांव के कई बच्चे इसी सड़क से होकर स्कूल जाते हैं। सड़क पर फैले पत्थरों और अधूरे निर्माण के कारण उन्हें जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है। वहीं मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने आशंका जताई है कि बारिश शुरू होने के बाद हालात और खराब हो जाएंगे, क्योंकि सड़क पर पानी भरने से आवाजाही लगभग ठप हो सकती है।
यह भी पढ़ें: सनी वर्धन बने चतरा के नए एसडीपीओ, कानून-व्यवस्था मजबूत करना होगी प्राथमिकता
पुल-पुलिया निर्माण भी अधूरा
कांग्रेस के पूसो मंडल अध्यक्ष जितेंद्र लोहरा समेत कई ग्रामीणों ने सड़क और पुल-पुलिया निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को जानकारी देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने कहा कि गर्मी में सड़क पर धूल और पत्थरों के बीच चलना मुश्किल हो गया है, जबकि बारिश में स्थिति और गंभीर होने की संभावना है।
सरकार पर लगाए आरोप
भाजपा के पूर्व विधायक कमलेश उरांव ने आरोप लगाया कि राज्य में सड़क विकास कार्यों की रफ्तार धीमी हो गई है। वहीं पूर्व सांसद सुदर्शन भगत ने कहा कि अधूरे सड़क निर्माण की समस्या केवल गुमला तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के कई ग्रामीण इलाकों में ऐसी स्थिति देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।