Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड स्थित इच्छानगर गारामारा गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के बाद एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और 12 वर्षीय बेटी की हत्या कर शव दफनाने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
महिला और बच्ची के लापता होने पर बढ़ा शक
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात के बाद महिला और उसकी बेटी अचानक लापता हो गई थीं। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने दोनों की तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद मामले की सूचना रद्दीपुर ओपी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी संजय सिन्हा और ओपी प्रभारी अजय उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें: मेदिनीनगर में बिजली कटौती से लोग परेशान, झामुमो ने दी आंदोलन की चेतावनी
पूछताछ में आरोपी ने किया खुलासा
संदेह के आधार पर पुलिस ने महिला के पति नरेश टुडू को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने पत्नी शर्मीला किस्कू और 12 वर्षीय बेटी नेहा टुडू की हत्या कर शव दफना दिए हैं। आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी ने पास में बन रहे प्रधानमंत्री आवास के निर्माण स्थल पर गड्ढा खोदकर दोनों शवों को छिपा दिया।
खुदाई में मिले दोनों शव
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस और प्रशासन की टीम निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास पहुंची। दंडाधिकारी की मौजूदगी में कराई गई खुदाई के दौरान महिला और बच्ची के शव बरामद किए गए। शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच विवाद की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।