Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : गढ़वा जिले के मझिआंव थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ससुराल गए 34 वर्षीय युवक सुनील चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक के साथ मारपीट कर उसे पुल के नीचे फेंक दिया गया था। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान खरसोता गांव निवासी स्वर्गीय प्रकाश चौधरी के पुत्र सुनील चौधरी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
रिश्तेदार को फोन कर दी गई थी सूचना
मृतक के बड़े भाई अनिल चौधरी के अनुसार, उनके रिश्तेदार राजेंद्र चौधरी को मेराल थाना क्षेत्र के गेरुआ गांव से फोन कर बताया गया कि सुनील पुल के नीचे घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलने के बाद राजेंद्र मौके पर पहुंचे और सुनील को घर लाकर स्थानीय डॉक्टर को दिखाया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए तुरंत अस्पताल ले जाने की सलाह दी। बाद में अनिल चौधरी अपनी मां के साथ गेरुआ गांव पहुंचे और सुनील को मझिआंव अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: धनबाद पुलिस ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड, शिकायत निवारण में पूरे झारखंड में नंबर-1
“साला समेत 5-6 लोगों ने पीटा” — परिजनों का दावा
परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के भाई अनिल चौधरी का कहना है कि यदि सुनील केवल पुल से गिरा था, तो उसे समय पर अस्पताल क्यों नहीं ले जाया गया। उन्होंने दावा किया कि होश में आने पर सुनील ने बताया था कि उसके साला समेत पांच-छह लोगों ने उसकी पिटाई की थी। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के बाद उसे पुल के नीचे फेंक दिया गया था। उनका कहना है कि समय पर इलाज मिलता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
दिल्ली से लौटकर गया था ससुराल
जानकारी के मुताबिक, सुनील सोमवार को दिल्ली से अपने गांव लौटा था और उसी दिन अपने ससुराल गेरुआ गांव चला गया था। मृतक की पत्नी बबीता देवी उस समय अपनी मां और बच्चों के साथ छत्तीसगढ़ में काम करने गई हुई थी। उन्होंने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी बाद में मिली और पूरे मामले की सच्चाई उन्हें भी नहीं पता। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की मझिआंव थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।