रिम्स डेंटल कॉलेज से जबरन हटाया गया डेंटल काउंसिल का ऑफिस, डॉक्टरों के रजिस्ट्रेशन का काम प्रभावित

Samachar Post | March 18, 2024 | 05:59 AM IST

  • निदेशक ने खाली करने के लिए काउंसिल को दिया था अल्टीमेटम, काउंसिल ने विभाग को लिखा था पत्र- पर विभाग का निर्देश आने से पहले ही डेंटल प्रिंसिपल ने लिया एक्शन

Samachar Post, रांची : रिम्स डेंटल काउंसिल से शनिवार को जबरन डेंटल काउंसिल का ऑफिस हटाया गया। डेंटल प्राचार्य ने खुद अन्य चिकित्सकों के साथ खड़े होकर काउंसिल ऑफिस का सारा सामान खाली कराया। सुबह 10 बजे से कार्यालय खाली करने के लिए कर्मियों के साथ टीम पहुंच चुकी थी। जिसके बाद कार्यालय के भीतर रखे सभी सामान को बाहर निकलवाया गया। जबकि इसकी सूचना काउंसिल तक को नही दी गई। इधर, इस मामले में डेंटल काउंसिल ने कहा कि रिम्स प्रबंधन ने शनिवार को जबरन ऑफिस हटाया है। हमें कार्यालय के लिए जगह रिम्स ने नही, बल्कि स्वास्थ्य विभाग ने दी थी। लेकिन हटाने का फरमान रिम्स निदेशक ने जारी किया था। निदेशक को इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग को पत्राचार करना चाहिए था। इसके बाद अगर स्वास्थ्य विभाग हमें कार्यालय हटाने का निर्देश देती तो हम 24 घंटे के भीतर खुद से वहां से कार्यालय हटा लेते। लेकिन प्रबंधन ने स्वास्थ्य विभाग को नजरअंदाज किया है। 

काउंसिल ने कहा कि जब हमें कार्यालय हटाने का अल्टीमेटम निदेशक ने दिया था, हमने स्वास्थ्य विभाग को पत्राचार करते हुए विभाग से निर्देश मांगा था। रिम्स ने आनन फानन में डेंटल काउंसिल का कार्यालय हटा दिया, उन्हें विभाग के निर्देश का इंतजार करना चाहिए था।

डेंटल काउंसिल के कार्यालय से सामान हटाते कर्मी।


काउंसिल ऑफिस हटने से नुकसान, एमजीएम में एसआर की वेकेंसी, डॉक्टरों का रजिस्ट्रेशन रूका

डेंटल काॅलेज से शनिवार को काउंसिल ऑफिस हटाने का नुकसान पहले दिन से ही देखने को मिल गया। अबतक जब तक काउंसिल को नया स्थान अलॉट नही किया जाता, तब तक डॉक्टरों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। दरअसल, एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर के डेंटल विभाग में सीनियर रेजिडेंट की वेकेंसी निकली है। इच्छुक उम्मीदवारों को वहां आवेदन करना है। लेकिन इसके लिए अब भी पासआउट डॉक्टरों की रजिस्ट्रेशन नही हो सकी है। कार्यालय हटने के कारण शनिवार को काउंसिल का सारा काम ठप रहा। 

अब कार्यालय के लिए स्थान मिलने तक काम पूरी तरह से ठप रहने की संभावना है। बताते चले कि सभी डेंटल के चिकित्सकों को प्रैक्टिस करने के लिए स्टेट डेंटल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होता है। रजिस्ट्रेशन नही होने से वे न तो अपनी क्लीनिक चला सकते है और न ही किसी संस्थान या अस्पताल से जुड़कर सेवा दे सकते हैं।

निदेशक ने कहा- ओटी के लिए खाली कराया गया काउंसिल ऑफिस

इधर, मामले में निदेशक डॉ. राजकुमार ने कहा कि काउंसिल ऑफिस ऑप्रेशन थिएटर के लिए खाली कराया गया है। पहले से ही वह जगह ओटी के लिए चिन्हित था, लेकिन काउंसिल ऑफिस के कारण ओटी का काम अधूरा था। मामले में जानकारी लेने के लिए डेंटल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जयप्रकाश से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने जबाव नही दिया।

Share this news

संबंधित खबरें