रांची में मोबाइल लूट कांड का खुलासा, पुलिस ने दो बदमाशों समेत किशोर को पकड़ा

Rupa Kumari | May 20, 2026 | 03:23 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची के हरमू स्थित पटेल चौक के पास महिला से मोबाइल लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में रांची पुलिस ने दो अपराधियों और एक विधि विरुद्ध किशोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

महिला पर हमला कर छीना था मोबाइल

जानकारी के अनुसार यह घटना 30 अप्रैल 2026 की दोपहर की है। बाइक सवार तीन अपराधियों ने हरमू के पटेल चौक के पास एक महिला को निशाना बनाया था। आरोप है कि अपराधियों ने महिला पर चाकू से हमला कर उसका मोबाइल फोन लूट लिया था। हमले में महिला घायल हो गई थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

यह भी पढ़ें: रामगढ़ में आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, DC ने अधिकारियों को दिए सख्त आदेश

अरगोड़ा थाना में दर्ज हुआ था मामला

पीड़िता की शिकायत पर अरगोड़ा थाना में 2 मई 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) और 309(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी।

CCTV और तकनीकी जांच से मिली सफलता

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। लगातार छापेमारी और निगरानी के बाद 19 मई 2026 को हरमू इलाके से दो अपराधियों और एक किशोर को पकड़ लिया गया।

बाइक, चाकू और मोबाइल बरामद

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल नंबर JH01FV6679, चाकू और महिला से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अली उर्फ सुफियान अली और अब्बू रेहान उर्फ आर्यन के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 19 वर्ष बताई जा रही है और वे हिंदीपीढ़ी थाना क्षेत्र के निजाम नगर नदी ग्राउंड इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने एक विधि विरुद्ध किशोर को भी हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपियों का संबंध अन्य लूट या छिनतई की घटनाओं से तो नहीं है। रांची पुलिस ने कहा है कि शहर में बढ़ती मोबाइल स्नैचिंग और लूट की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें