Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची में पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया। सुखदेवनगर थाना पुलिस ने गांगानगर करम चौक इलाके में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से ऑटोमेटिक पिस्टल, जिंदा गोलियां और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सोमवार रात करीब 8 बजे सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही रांची एसपी सिटी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। सहायक एसपी कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस ने गांगानगर करम चौक इलाके में छापेमारी शुरू की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को देखा। पुलिस टीम को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी APK लिंक भेजकर ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
सहदेव टिग्गा, अंकित खलखो, रवि लकड़ा, संदीप कुमार उर्फ बब्लू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से USA निर्मित 9 एमएम का ऑटोमेटिक पिस्टल बरामद किया। पिस्टल की मैगजीन में दो जिंदा गोलियां भी मिलीं। इसके अलावा दो स्मार्टफोन भी जब्त किए गए हैं।
बड़ी घटना की तैयारी का शक
पुलिस का कहना है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। समय रहते कार्रवाई होने से संभावित वारदात टल गई। मामले में कांड संख्या 179/26 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट 1959 की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और आरोपियों के आपराधिक संबंधों की जांच कर रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।