Samachar Post रिपोर्टर,देवघर :AIIMS देवघर में मंगलवार को अत्याधुनिक न्यूरोसर्जरी वार्ड का उद्घाटन किया गया। इसे संथाल परगना समेत पूरे झारखंड और आसपास के राज्यों के मरीजों के लिए बड़ी स्वास्थ्य सुविधा माना जा रहा है। इस नई व्यवस्था से अब मस्तिष्क और तंत्रिका संबंधी गंभीर बीमारियों का उन्नत इलाज क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेगा। नए न्यूरोसर्जरी वार्ड का उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. नितिन एम. गंगाने ने किया। इस मौके पर डीन डॉ. हरमिंदर सिंह समेत कई वरिष्ठ चिकित्सक और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रो. डॉ. सोमशेखर निंबालकर, डॉ. रजत, डॉ. निधि प्रिया, डॉ. निखिल, डॉ. अभिषेक, डॉ. अमरदीप और डॉ. अमन सहित कई विशेषज्ञ शामिल हुए।
यह भी पढ़ें :मुख्य सचिव के निर्देश के बाद धनबाद में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 43 कर्मियों का तबादला
डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में चलेगा वार्ड
न्यूरोसर्जरी वार्ड का संचालन डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में किया जाएगा। इससे पहले भी उनके नेतृत्व में AIIMS देवघर में कई जटिल और महत्वपूर्ण सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस वार्ड के शुरू होने से ब्रेन, स्पाइन और तंत्रिका तंत्र से जुड़ी गंभीर बीमारियों के मरीजों को अब बेहतर और आधुनिक इलाज स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।
बड़े शहरों पर निर्भरता होगी कम
अब तक गंभीर न्यूरोसर्जरी इलाज के लिए मरीजों को रांची, पटना, कोलकाता या दिल्ली जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। नई सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को समय पर इलाज मिलने के साथ आर्थिक बोझ भी कम होगा। AIIMS देवघर की इस पहल को झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे संथाल परगना और आसपास के हजारों मरीजों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
Reporter | Samachar Post